छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने रेस्टोरेंट के बाहर पार्किंग में खड़ी कई कारों को टक्कर मार दी. हादसे में थार और मारुति कार समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं. पुलिस के अनुसार, घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई.

यह हादसा गुरुवार रात गेवरा-दीपका के कटघोरा रोड स्थित सिंह रेस्टोरेंट के सामने हुआ. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बोलेरो बजरंग चौक दीपका की ओर से आ रही थी. इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर रेस्टोरेंट के सामने खड़े वाहनों से जा भिड़ी.

रेस्टोरेंट संचालक अक्षय सिंह ने बताया कि बोलेरो में चालक समेत तीन लोग सवार थे. बताया गया है कि वाहन SECL में नियोजित है और चालक विजयनगर का रहने वाला है. इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी.

CCTV में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना

घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में बोलेरो तेज रफ्तार से आती और पार्किंग में खड़ी कारों को टक्कर मारती दिखाई दे रही है. जानकारी मिलने के बाद दीपका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

फिलहाल पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों और वाहन चालक की भूमिका को लेकर जांच जारी रखी है.