छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पत्नी से तलाक को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, व्यक्ति ने 24 सितंबर को करतला क्षेत्र के केराकछार गांव के पास जहरीला पदार्थ खा लिया था. मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 14 दिन तक उपचार के बाद 8 अक्टूबर को उसकी मौत हुई.
मृतक की पहचान राजू केंवट के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2014 में मनोरथ केंवट से हुई थी. दोनों के कोई संतान नहीं थी और इसी मुद्दे को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता था. रिपोर्ट में राजू के शराब पीने को लेकर दंपती के बीच कहासुनी होने की बात भी कही गई है.
रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुए विवाद के बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी. बाद में राजू ने उसे कोरबा बुलाया. 23 सितंबर को दोनों ने आपसी सहमति से तलाक को लेकर स्टांप पेपर पर लिखापढ़ी की. इसके अगले दिन राजू कोरबा से जहरीला पदार्थ लेकर अपने ससुराल के पास पहुंचा, जहां सड़क किनारे गंभीर हालत में मिलने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया.
शव ले जाने को लेकर विवाद
परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल की मर्च्यूरी के बाहर सरकारी मुक्तांजलि वाहन उपलब्ध नहीं था. एक निजी एंबुलेंस चालक ने कोरबा से पुरानी बस्ती तक शव ले जाने के लिए 700 रुपये मांगे. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों ने राशि देने में असमर्थता जताई और शव को कंधे पर ले जाने की तैयारी करने लगे.
परिजनों के अनुसार, करीब 10 मिनट बाद मुक्तांजलि वाहन पहुंचा और शव घर ले जाया गया. वाहन चालक को कथित तौर पर 200 रुपये ‘खर्चा-पानी’ देने की बात पर भी परिजनों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद मामला शांत हुआ.
यदि आप या कोई परिचित आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति, स्थानीय आपात सेवा या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें.
