छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा कार्यक्रम के दौरान एक युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है. घटना लेमरू थाना क्षेत्र के सतरेंगा खैरभवना की है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सतरेंगा निवासी राकेश कंवर अपने भाई के साथ दशहरा कार्यक्रम देखने पहुंचे थे. रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान रात करीब दो बजे अचानक बिजली चली गई. आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने राकेश की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया.

हमले के बाद राकेश खून से लथपथ हालत में मिले. कार्यक्रम स्थल पर मौजूद एक पुलिस आरक्षक ने उन्हें तत्काल लेमरू के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सिम्स अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है. पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं बताई गई है.