छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बागबुड़ा गांव में 55 वर्षीय किसान परदेसी राम कंवर की कीटनाशक सेवन के बाद मौत हो गई. घटना उरगा थाना क्षेत्र की है. परिजनों के अनुसार, बुधवार को घर में कीटनाशक सेवन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

परिवार के मुताबिक, परदेसी राम करीब तीन एकड़ जमीन पर खेती करते थे और खेती से जुड़े अधिकांश काम अकेले संभालते थे. उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं. बेटे सुनील कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्य घर में रहने के बावजूद खेती के काम में सहयोग नहीं करते थे. इस वजह से परदेसी राम अक्सर खेती का पूरा बोझ अकेले उठाने की बात कहते थे.

परिजनों ने यह भी बताया कि उन पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज था. उनके अनुसार, खेती की जिम्मेदारी और कर्ज को लेकर वह परेशान रहते थे, हालांकि उन्होंने परिवार के सामने अपनी समस्या के बारे में ज्यादा बात नहीं की थी.

घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मौत के कारणों और परिस्थितियों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति, स्थानीय स्वास्थ्य सेवा या आपातकालीन सहायता से संपर्क करें.