कोरबा जिले में गणेश प्रतिमाओं के स्वरूप और निर्माण को लेकर मूर्तिकारों की आपात बैठक हुई. बैठक के बाद हिंदू नारायणी सेना और मूर्तिकारों की टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर बन रही प्रतिमाओं का निरीक्षण किया. आयोजकों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियों में सुधार करते हुए 100 से अधिक बड़ी गणेश प्रतिमाओं में जरूरी बदलाव किए गए.

बैठक माटी मूर्तिकार विकास समिति कोरबा के अध्यक्ष बिसाहू राम कुंभकार के नेतृत्व में हुई. इसमें हिंदू नारायणी सेना के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, संगठन के दो पंडित और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए.

पारंपरिक स्वरूप में बदलाव पर आपत्ति

हिंदू नारायणी सेना ने हाल में कोरबा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कुछ मूर्तिकारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. संगठन का आरोप था कि कुछ प्रतिमाओं में भगवान गणेश के पारंपरिक स्वरूप में बदलाव किया जा रहा है. कार्टून, बाल, एआई और नाचते-गाते या डांस करते रूप में प्रतिमाएं बनाए जाने पर भी संगठन ने आपत्ति जताई.

बैठक में संगठन की ओर से कुछ प्रतिमाओं के आसन, सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों से जुड़ी कथित त्रुटियों का मुद्दा उठाया गया. टीम में शामिल पंडितों ने मूर्तिकारों को धार्मिक मान्यताओं और शास्त्रों के अनुरूप प्रतिमा निर्माण की जानकारी दी.

बैठक के बाद मूर्तिकारों ने बताई गई गलतियों को स्वीकार करते हुए आवश्यक सुधार पर सहमति जताई. उन्होंने भविष्य में भगवान के स्वरूप में इस तरह का बदलाव नहीं करने का प्रस्ताव भी पारित किया.

सेना ने पीओपी से प्रतिमाएं बनाने को पर्यावरण के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसका विरोध किया. संगठन ने पूजा समितियों से धार्मिक आयोजनों में आधुनिकता के नाम पर प्रतिमाओं के स्वरूप में बदलाव न कराने और धार्मिक ग्रंथों में वर्णित स्वरूप के अनुरूप प्रतिमाएं बनवाने की अपील की.