छत्तीसगढ़ के कोरबा में गणेश प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर हिंदू नारायणी सेना की आपत्ति के बाद मूर्तिकारों की आपात बैठक हुई. बैठक में मूर्तिकारों ने गलती स्वीकार करने की बात कही और शहर में तैयार की जा रही 100 से ज्यादा प्रतिमाओं में सुधार किया गया.
बैठक की अध्यक्षता माटी मूर्तिकार विकास समिति, कोरबा के अध्यक्ष बिसाहू राम कुंभकार ने की. इसमें हिंदू नारायणी सेना के पदाधिकारी और दो पंडित भी शामिल हुए. बैठक के दौरान प्रतिमाओं के आसन, सिर, पेट और अन्य अंगों के स्वरूप पर चर्चा हुई.
सेना ने आरोप लगाया था कि कुछ मूर्तियां कार्टून, बाल या एआई शैली में बनाई जा रही थीं. कुछ प्रतिमाओं में गणेशजी का नाचते-गाते स्वरूप भी तैयार किए जाने की बात कही गई. संगठन ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए कलेक्टर को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी.
प्रतिमाओं का मौके पर निरीक्षण
बैठक के बाद सेना, मूर्तिकारों और पंडितों की टीम ने शहर में बन रही प्रतिमाओं का निरीक्षण किया. जहां पंडितों ने स्वरूप से जुड़ी कमियां बताईं, वहां मूर्तिकारों ने मौके पर ही सुधार किया.
बैठक में भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं दोहराने का प्रस्ताव पारित किया गया. हिंदू नारायणी सेना ने पूजा समितियों से अपील की कि प्रतिमाएं धार्मिक ग्रंथों और शास्त्रों में बताए गए स्वरूप के अनुसार ही बनवाई जाएं.
