कोरबा जिले में गणेशोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए शहर के साथ उपनगरों में भी आयोजन समितियां तैयारियों में जुटी हैं. इस बार कटघोरा, रानी रोड, सीतामढ़ी और पावर हाउस रोड के पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे.

कटघोरा की जयदेवा गणेशोत्सव समिति उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की शैली में 101 फीट ऊंचा पंडाल तैयार करा रही है. इसमें भगवान गणेश की 21 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी.

रानी रोड स्थित श्री सिद्धि विनायक ग्रुप का पंडाल प्रदेश के प्रमुख देवी दरबारों के स्वरूप में बनाया जा रहा है. यहां बमलेश्वरी, दंतेश्वरी, महामाया और सर्वमंगला मंदिरों की झलक दिखाने की तैयारी है. समिति के अध्यक्ष गौरव शर्मा के अनुसार, इस आयोजन में दुर्ग से लाई गई 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएगी.

सांसद मोहल्ला सीतामढ़ी में एक हजार छातों से पंडाल तैयार किया जा रहा है. वहीं, पावर हाउस रोड की सिद्धि विनायक गणेश उत्सव समिति ने लालबाग के राजा के स्वरूप में प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की है. गांजा गली में रिद्धि-सिद्धि के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा आकर्षक मुकुट के साथ विराजित की जाएगी.

आरती में स्वच्छता दीदियां और बुजुर्ग होंगे शामिल

रानी रोड के आयोजन में 11 दिनों तक होने वाली आरती में स्वच्छता दीदियों और वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को शामिल किया जाएगा. समिति के अध्यक्ष वैभव शर्मा ने बताया कि सदस्यों के परिवार भी आरती में भाग लेंगे.

आयोजन के दौरान बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं और रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. शाम की आरती के बाद भोग-प्रसाद का वितरण किया जाएगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कोरबा में गणेशोत्सव 14-15 सितंबर से शुरू होकर 11 दिनों तक चलेगा.