कोरबा के डीडीएम रोड स्थित गुजराती समाज भवन के जलाराम मंदिर परिसर में रामदेव पीर जयंती समारोह आयोजित किया गया. गुजराती समाज और जलाराम सेवा समिति के संयुक्त आयोजन में समाज की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण भी हुआ.
समाज के संरक्षक धीरेन संघवी ने आगामी दो साल के कार्यकाल के लिए सर्वसम्मति से चुने गए अध्यक्ष मनोज शर्मा को मंच पर आमंत्रित किया. इसके बाद शर्मा ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों के नामों की घोषणा की. मुख्य अतिथि और प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने नई टीम को पद और निष्ठा की शपथ दिलाई.
समाज भवन के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा
समारोह को संबोधित करते हुए देवांगन ने गुजराती समाज के सामाजिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की सराहना की. उन्होंने समाज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की. अध्यक्ष मनोज शर्मा ने समाज की ओर से मंत्री का आभार जताया.
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए एक महीने के सेवा संकल्प अभियान की जानकारी भी दी. भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन समाज को नई दिशा और ऊर्जा देगा. उन्होंने पदाधिकारियों से प्रशंसा के साथ आलोचना और सुझावों के लिए भी तैयार रहने की बात कही.
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि गुजराती समाज व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा और स्थानीय संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है.
कार्यक्रम में नागपुर के भजन गायक सुमित शर्मा ने प्रस्तुति दी. पंडित उमाशंकर शास्त्री के नेतृत्व में पूजा-अभिषेक कराया गया. देवांगन ने सुमित शर्मा और उमाशंकर शास्त्री को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया. आयोजन में जलाराम सेवा समिति के अध्यक्ष संजय चौहान, संरक्षक शांतिलाल चौहान समेत समाज और समिति के कई सदस्य मौजूद रहे.
