छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम पंचायत गुरमा में कुआं धंसने से 55 वर्षीय ग्रामीण सोनसाय मंझवार मलबे में दब गए. घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी उनका पता नहीं चल सका है. प्रशासन और बचाव दल लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं.
घटना 1 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, सोनसाय घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकाल रहे थे. इसी दौरान कुएं की मिट्टी और आसपास का हिस्सा अचानक भरभराकर धंस गया. कुआं करीब 15 फीट नीचे धंसने के साथ सोनसाय भी मलबे में दब गए. बताया गया है कि यह कुआं 2017 में सरकारी योजना के तहत बनाया गया था.
परिजनों और आसपास के ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन कुआं गहरा होने और उसमें बड़ी मात्रा में मिट्टी जमा होने के कारण सफलता नहीं मिली. सूचना मिलने पर श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कुएं के आसपास घेरा बनाकर लोगों को दूर रहने की हिदायत दी.
दो JCB से तलाश जारी
जिला प्रशासन की निगरानी में दो JCB मशीनों से लगातार मलबा हटाया जा रहा है. HDRF बिलासपुर, जिला आपदा मोचन बल और नगर सेना कोरबा की टीमें भी अभियान में शामिल हैं. ग्रामीणों की भीड़ को कुएं के पास जाने से रोका जा रहा है. प्रशासन के अनुसार, तलाश जारी है और अभी सोनसाय के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला है.
