छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के गुरमा गांव में कुआं धंसने से मलबे में दबे 55 वर्षीय ग्रामीण सोनसाय मंझवार का शव तीन दिन बाद बरामद किया गया. बचाव दल ने शनिवार शाम करीब पांच बजे शव को बाहर निकाला.
घटना एक अक्टूबर की दोपहर करीब दो बजे हुई. जानकारी के अनुसार, सोनसाय अपने घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकाल रहे थे. इसी दौरान कुएं का एक हिस्सा अचानक करीब 15 फीट नीचे धंस गया और मिट्टी व आसपास का मलबा भरभराकर गिर पड़ा. सोनसाय इसकी चपेट में आकर कुएं के अंदर दब गए.
परिजनों और ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. पहले स्थानीय स्तर पर बचाव की कोशिश की गई, लेकिन मलबा अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली. इसके बाद एसडीआरएफ बिलासपुर और जिला आपदा मोचन बल नगर सेना कोरबा की टीम को मौके पर बुलाया गया.
30 फीट गहराई तक की गई खुदाई
रेस्क्यू टीम ने जेसीबी और पोकलेन मशीन की मदद से कुएं के चारों ओर खुदाई शुरू की. स्रोत के अनुसार, करीब 50 फीट के दायरे में खुदाई की गई और लगभग 30 फीट नीचे मलबे से शव बरामद हुआ. तीन दिनों तक चले अभियान को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे.
बताया गया है कि कुआं वर्ष 2017 में शासकीय योजना के तहत बनाया गया था. लगातार बारिश के बाद कच्ची मिट्टी कमजोर होने को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है. शव बरामद होने के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने लोगों से पुराने और कच्चे कुओं के पास सावधानी बरतने की अपील की है.
