कोरबा जनपद पंचायत के गुरमा गांव में कुआं धंसने से 55 वर्षीय ग्रामीण मलबे में दब गया. घटना के करीब 24 घंटे बाद भी उसका पता नहीं चल सका है. प्रशासन, पुलिस और आपदा मोचन दल की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं.

जानकारी के अनुसार, घटना 1 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे हुई. गुरमा निवासी सोनसाय मंझवार अपने घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकाल रहा था. इसी दौरान कुएं की मिट्टी और आसपास का हिस्सा अचानक भरभराकर करीब 15 फीट नीचे धंस गया. सोनसाय मलबे की चपेट में आकर कुएं के अंदर दब गया.

परिजनों ने घटना देखकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने की कोशिश की. कुएं की गहराई और मिट्टी अधिक होने के कारण वे ग्रामीण को बाहर नहीं निकाल सके. बताया गया है कि यह कुआं 2017 में एक शासकीय योजना के तहत बनाया गया था.

सूचना मिलने पर श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सुरक्षा के लिए इलाके की घेराबंदी कर लोगों को कुएं से दूर रहने को कहा.

जिला प्रशासन के रेस्क्यू अभियान में दो जेसीबी मशीनें लगातार खुदाई कर रही हैं. बिलासपुर की HDRF टीम और नगर सेना कोरबा का जिला आपदा मोचन बल भी तलाश में जुटा है. मलबा हटाने के दौरान ग्रामीणों की भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है. प्रशासन ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.