कोरबा में खाद्य विभाग ने होटल, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों की जांच तेज कर दी है. ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन की किचन के निरीक्षण में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, गंदगी और बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने की बात सामने आई है. अधिकारियों ने इसे खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर लापरवाही माना है.

जांच के दौरान विभागीय टीम ने होटल से बिरयानी राइस का सैंपल लिया. इसे प्रयोगशाला में भेजकर जांच कराई जाएगी. किचन की स्थिति को देखते हुए होटल का लाइसेंस सस्पेंड करने की सिफारिश की गई है. लाइसेंस पर अंतिम कार्रवाई संबंधित प्रक्रिया के बाद होगी.

सरसों तेल का सैंपल जांच के लिए भेजा

खाद्य विभाग ने बालको भदरापारा स्थित साहू जनरल स्टोर का भी निरीक्षण किया. यहां सरसों तेल में मिलावट की आशंका के चलते सैंपल लिया गया है. विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

फूडियो रेस्टोरेंट को सात दिन बंद रखने का नोटिस

टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट का निरीक्षण 18 नवंबर को किया गया था. टीम को रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की कमी, गंदगी और खाद्य सामग्री रखने के तरीके में खामियां मिलीं. इसके बाद संचालक को रेस्टोरेंट सात दिन तक बंद रखने का नोटिस दिया गया.

खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि विभाग की टीम होटल और दुकानों की लगातार जांच कर रही है. हालिया कार्रवाई से पहले रिसदी रजगामार चौक के एक होटल से 75 किलो खराब गुणवत्ता की मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई थी. अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.