छत्तीसगढ़ के कोरबा में यौन अपराध के आरोप में पकड़े गए पवन महतो का अस्पताल में मोबाइल चलाते और गुटखा खाते हुए वीडियो सामने आया है. वीडियो में उसके बगल वाले बेड पर निगरानी के लिए तैनात दो पुलिस आरक्षक भी आराम करते नजर आ रहे हैं. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.
पवन महतो फिलहाल कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती है. सामने आए वीडियो के आधार पर उसकी अस्पताल में निगरानी और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को लेकर सवाल उठे हैं. वीडियो में आरोपी कैमरा दिखने के बाद मोबाइल छिपाता हुआ भी नजर आता है.
महिला ने शादी का भरोसा देकर शोषण का आरोप लगाया
पुलिस शिकायत के मुताबिक, करीब 32 वर्षीय महिला कोरबा के खरमोरा इलाके में रहती है. महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी बेटी के साथ माता-पिता के घर रहती है. वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है.
महिला का कहना है कि 14 अप्रैल 2022 को सतरेंगा में मुलाकात के बाद उसकी पवन महतो से जमीन के सिलसिले में जान-पहचान हुई. महिला के मुताबिक, पवन ने शादी का भरोसा दिया. उसने आरोप लगाया कि 19 अप्रैल 2023 को पवन उसे रामपुर हाउसिंग बोर्ड स्थित किराए के फ्लैट में ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए.
महिला का दावा है कि इसके बाद भी पवन शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार संबंध बनाता रहा. वह अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी करने की बात कहता था, लेकिन बाद में शादी टालता रहा. महिला ने 8 अक्टूबर 2026 को सिविल लाइन रामपुर थाने में शिकायत दी. जांच के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की.
मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने 10 अक्टूबर को पवन को पकड़ा था. उसे मेडिकल लीगल केस और मुलाहिजा जांच के लिए ले जाया गया. इसी दौरान तबीयत खराब होने की बात कहने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि उस समय गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी और आरोपी तकनीकी रूप से पुलिस कस्टडी में नहीं था. भागने की आशंका के चलते दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी. उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर एसपी के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी.
