छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती यौन अपराध के आरोपी पवन महतो का वीडियो सामने आया है. वीडियो में वह स्पेशल वार्ड में मोबाइल पर बात करता और गुटखा खाते हुए दिखाई दे रहा है. उसके बगल वाले बेड पर ड्यूटी में तैनात दो पुलिस आरक्षक भी आराम करते नजर आ रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 10 अक्टूबर को पकड़ा गया था. उसे मेडिकल-लीगल केस (MLC) और मुलाहिजा जांच के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जेल से बचाने के लिए अस्पताल में भर्ती कराने का आरोप सही है या नहीं, यह जांच का विषय है.

महिला ने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप लगाया

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की करीब 32 वर्षीय महिला ने पवन महतो के खिलाफ शिकायत दी थी. महिला खरमोरा इलाके में रहती है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है. उसके पति की मौत हो चुकी है और वह अपनी बेटी के साथ माता-पिता के घर रहती है.

शिकायत के अनुसार, महिला की पवन से पहचान जमीन के सौदे के सिलसिले में हुई थी. महिला का आरोप है कि पवन ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. उसने यह भी आरोप लगाया कि पवन अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने की बात कहता था, लेकिन बाद में शादी से टालमटोल करता रहा.

महिला ने 8 अक्टूबर 2026 को सिविल लाइन रामपुर थाने में आवेदन दिया था. जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. शिकायत में महिला ने 19 अप्रैल 2023 को रामपुर हाउसिंग बोर्ड स्थित किराए के फ्लैट में उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाने का आरोप भी लगाया है. इन आरोपों की पुष्टि अदालत में होना बाकी है.

पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच होगी

कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया उस समय पूरी नहीं हुई थी और वह तकनीकी रूप से पुलिस कस्टडी में नहीं था. उसके भागने की आशंका को देखते हुए दो आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी.

सीएसपी के अनुसार, यदि जांच में आरक्षकों की लापरवाही सामने आती है, तो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में आरोपी की निगरानी और पुलिस ड्यूटी को लेकर सवाल उठे हैं.