छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जटगा चौकी क्षेत्र के बरमपुर गांव स्थित एक मकान से पुलिस ने रेलवे की 32 कटी हुई पटरियां बरामद की हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद हर पटरी की लंबाई करीब 12 फीट है. मौके से एक स्वराज माजदा वाहन, छह गैस सिलेंडर, गैस कटर और अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं.

पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में नई रेलवे लाइन के निर्माण से जुड़ी पटरियां काटकर छिपाई गई हैं. इसके बाद टीम ने मकान पर दबिश देकर तलाशी ली. कार्रवाई के दौरान रेलवे सामग्री और कटिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले.

मकान मालिक का नाम आखिर लाल बताया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसने मकान राजू कुमार नाम के युवक को किराए पर दिया था. राजू नए रेल लाइन निर्माण के काम में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था. पुलिस को संदेह है कि बरामद सामग्री उसी काम से जुड़ी हो सकती है, लेकिन पटरियां कहां से लाई गईं और किसने काटीं, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा.

पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद राजू कुमार मौके से फरार हो गया. जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव के अनुसार, रेलवे के संबंधित विभाग और निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी गई है. जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और फरार युवक की तलाश जारी है.

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद रेलवे सामग्री चोरी की है या नहीं और क्या इसे किसी बड़े कबाड़ नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था. आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही मामले में अन्य लोगों की भूमिका तथा सामग्री के स्रोत की जानकारी सामने आएगी.