छत्तीसगढ़ के कोरबा में देवउठनी एकादशी की पूजा की तैयारियों के बीच एक घर के आंगन में करीब 8 फीट लंबा अजगर पहुंच गया. अजगर को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और घर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख और वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे.
घटना के समय तेज बारिश हो रही थी. फिसलन और लगातार बारिश के बीच जितेंद्र सारथी ने रेनकोट और गमबूट पहनकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया. रेस्क्यू के दौरान अजगर खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था और हमलावर मुद्रा में आ रहा था. इसके बावजूद सावधानी और अनुभव के साथ उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया.
अजगर को पकड़ने के बाद थैले में रखा गया. घर के सदस्य छाता लेकर रेस्क्यू अभियान देखते रहे, जबकि आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. परिवार को आशंका थी कि अगर अजगर को समय रहते नहीं पकड़ा गया तो वह घर के अंदर जा सकता है.
रेस्क्यू पूरा होने के बाद अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया. इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में सांप और अन्य वन्यजीव सूखी या सुरक्षित जगह की तलाश में घरों, आंगन, जूते-चप्पलों और वाहनों में पहुंच सकते हैं. ऐसी स्थिति में घबराने या वन्यजीव को खुद पकड़ने की कोशिश करने के बजाय वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए. वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने से भी बचना चाहिए.
