कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र के ऊर्जानगर में पति की हत्या के मामले में अदालत ने उसकी पत्नी और सुपारी लेकर वारदात करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. कटघोरा की प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मधु तिवारी ने धनेश्वरी राठे और तुषार सोनी को हत्या का दोषी माना.
अभियोजन के अनुसार, जगजीवन राठे का शव ऊर्जानगर स्थित उनके घर के सामने वाले कमरे के दरवाजे के पास लहूलुहान हालत में मिला था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच में सामने आया कि धनेश्वरी राठे ने पति की हत्या के लिए दीपका के कृष्णा नगर निवासी तुषार सोनी को 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे. आरोप के मुताबिक, तुषार ने टंगिया से वार कर जगजीवन राठे की हत्या की. वारदात के बाद उसे 6 हजार रुपये नकद और एक सोने का हार दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में चालान पेश किया था. मामले की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक संजय जायसवाल ने की.
बेटी की गवाही बनी अहम साक्ष्य
सुनवाई के दौरान मृतक की बेटी अभियोजन की महत्वपूर्ण गवाह रही. स्रोत के अनुसार, वह घटना की प्रत्यक्षदर्शी थी और अदालत में प्रतिपरीक्षण के दौरान भी उसका बयान कायम रहा. उसने अपनी मां पर पिता की हत्या कराने का आरोप लगाया.
अभियोजन ने बेटी की गवाही के अलावा अन्य गवाहों के बयान, वैज्ञानिक साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्य भी अदालत के सामने रखे. इन साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का आरोप सिद्ध माना और दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई.
