कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र में गुरुवार को हाइड्रा वाहन की टक्कर से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई. हादसे में बच्ची के माता-पिता और उसका एक साल का भाई गंभीर रूप से घायल हैं. टक्कर के बाद हाइड्रा चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया.
जानकारी के मुताबिक, तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता पोर्ते, बेटी स्नेहा पोर्ते और बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. परिवार रावा की ओर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आए हाइड्रा ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई और वाहन उसे कुछ दूरी तक घसीटता रहा. इसी दौरान तीन साल की स्नेहा पहिए की चपेट में आ गई. उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम कुमार, प्रेम लता और इसरुस्तम सड़क पर गिरकर घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था. पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी. बांगो पुलिस ने हाइड्रा जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
