कोरबा शहर के बीच स्थित जेबी होटल में पुलिस ने छापेमारी कर जुआ खेलते पांच लोगों को पकड़ा है. पुलिस के मुताबिक, होटल के एक कमरे में शराब और चखने के साथ जुआ चल रहा था. कार्रवाई के दौरान मौके से 18,800 रुपए जब्त किए गए.

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, पुलिस को होटल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने कमरे में छापा मारा और वहां मौजूद पांच लोगों को पकड़ लिया. आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में संजय कुमार (40), निवासी तुलसी नगर रोड; तरुण मिश्रा (42), निवासी सीएसईबी; दीपेश जैन (38), निवासी अवध नगर निहारिका और सुनील कुमार (39), निवासी तुलसी नगर शामिल हैं. ये चारों कोरबा के रहने वाले बताए गए हैं.

पांचवें आरोपी की पहचान धनराज कुमार के रूप में हुई है. वह रायपुर के सदर बाजार अमलीडीह का निवासी बताया गया है. उसकी उम्र की जानकारी सामने नहीं आई है.

होटल संचालक पर भी आरोप

पुलिस का आरोप है कि होटल संचालक कमरे किराए पर देकर वहां जुआ खिलाता था. पुलिस के अनुसार, कमरे में शराब और खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई थी. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

इससे एक दिन पहले उरगा पुलिस ने पिकनिक की आड़ में जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को पकड़ा था. पुलिस के मुताबिक, इनमें बाराद्वार के एक एल्डरमैन और एक प्रिंसिपल भी शामिल थे.