छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के जिल्गा गांव के जंगल में हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया. हाथी को अपनी ओर दौड़ता देखकर ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागे और किसी तरह सुरक्षित गांव पहुंचे.
ग्रामीणों के हटने के बाद हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उसने ट्रैक्टर को पैरों से कुचल दिया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना का वीडियो ग्रामीणों ने मोबाइल से बनाया, जिसके सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आई है.
धान की फसल को नुकसान की आशंका
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा था. ग्रामीणों को आशंका थी कि हाथी आबादी क्षेत्र में आकर तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसी वजह से कुछ ग्रामीण सोमवार सुबह सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर से जंगल पहुंचे थे. उनका उद्देश्य ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को जंगल की ओर भगाना था.
इसी दौरान झाड़ियों से एक हाथी निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा. ग्रामीणों के भागने के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को दूसरे किसान के ट्रैक्टर की मदद से टोचन कर गांव लाया गया.
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा. विभाग के अनुसार, कुदमुरा के जंगल में एक अन्य हाथी और करतला वन परिक्षेत्र में छह हाथियों का झुंड भी विचरण कर रहा है.
वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों को खुद भगाने या उनके करीब जाने की कोशिश नहीं करने को कहा है. विभाग ने लोगों से हाथियों की मौजूदगी की सूचना देने, जंगल की ओर न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है.
