छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक कोरवा आदिवासी ग्रामीण की मौत के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. घटना श्यांग थाना क्षेत्र के सिमकेंदा सिरकी डुगरू गांव की बताई गई है. मृतक की पहचान रामदुलार कोरवा के रूप में हुई है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रामदुलार का शव 10 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे उसके घर के सामने खून से लथपथ हालत में मिला. उसकी पत्नी बुधवारी कोरवा ने 11 अक्टूबर की सुबह पुलिस को घटना की जानकारी दी.

बुधवारी ने गांव के ही अघन कोरवा और नंदू कोरवा पर तीर-धनुष और सब्बल से हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस के अनुसार, अघन की उम्र 22 वर्ष और नंदू की उम्र 65 वर्ष है. दोनों सिमकेंदा सिरकी डुगरू गांव के निवासी बताए गए हैं.

पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है. घटना के बाद से आरोपितों की तलाश की जा रही है.

मामले में जमीन विवाद की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि आरोपितों के पकड़े जाने और पूछताछ के बाद घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल आरोप पत्नी के बयान पर आधारित हैं और जांच जारी है.