छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम लाद में 70 वर्षीय महिला पद्मनिया बाई की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. वह रात के समय अपने घर में अकेली सो रही थीं. सुबह उनकी बहू घर पहुंची, तब महिला चारपाई पर मृत मिलीं. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और गले में नायलान की रस्सी बंधी मिली. शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में रखी रस्सी से ही गला घोंटा गया. पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने शोर से बचने के लिए धारदार हथियार के बजाय रस्सी का इस्तेमाल किया होगा. हालांकि, हत्या का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है.

बहू ने घर में देखा शव

पद्मनिया बाई सड़क किनारे बने मकान में रहती थीं, जबकि उनका बेटा और बहू पास के दूसरे घर में रहते हैं. शुक्रवार सुबह बहू रोज की तरह उनके घर पहुंचीं. दरवाजा खुला था. अंदर जाने पर उन्होंने महिला को चारपाई पर मृत देखा और शोर मचाया. इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलने पर कोरबी चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर शौच किए जाने के सबूत भी मिले हैं. शुरुआती जांच में जादू-टोने के शक की आशंका पर भी विचार किया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

आरोपी का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वाड की मदद ली गई. खोजी कुत्ता घटनास्थल से गंध लेते हुए बाघा गांव के तालाब तक गया, लेकिन बारिश के कारण आगे सुराग नहीं मिल सका. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.