छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पति के दूसरी महिला से संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया. घटना माचाडोली अस्पताल परिसर स्थित क्वार्टर की बताई गई है. शिकायत के आधार पर कटघोरा पुलिस ने अस्पताल के क्लर्क अंशुल सिंह और एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

पुलिस के मुताबिक, घटना 5 अक्टूबर की है. घरीपखना निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि सुबह उसका पति से दूसरी महिला से संबंध को लेकर विवाद हुआ था. बाद में पति ने रात में घर नहीं लौटने की बात कही. महिला ने फोन पर भी दूसरी महिला से बातचीत की थी. इसके बाद वह अपनी बहन के साथ पति से मिलने माचाडोली अस्पताल पहुंची.

अस्पताल में पति नहीं मिला तो स्टाफ ने उसके परिसर स्थित क्वार्टर में होने की जानकारी दी. शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों बहनें क्वार्टर पहुंचीं, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था. कुछ देर बाद पति ने दरवाजा खोला और उन्हें अंदर आने से मना किया. महिला का आरोप है कि अंदर जाने पर उसके साथ धक्का-मुक्की और धमकी दी गई.

शिकायत में कहा गया है कि क्वार्टर के अंदर पति के साथ एक अन्य महिला मौजूद थी. इसके बाद विवाद बढ़ गया. पत्नी ने आरोप लगाया कि पति और महिला ने उसके तथा उसकी बहन के साथ मारपीट की और हथौड़े से हमला करने का प्रयास किया. हाथापाई में दोनों पक्षों को चोटें आने की बात कही गई है.

महिला ने पति पर पहले भी मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं. उसने दूसरी महिला पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है. आरोपों की जांच जारी है.