कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र में रात करीब 3:30 बजे एक घर में सांप घुसने से हड़कंप मच गया. सांप बिस्तर के किनारे बैठा था. महिला की नजर उस पर पड़ते ही वह चीखने लगी. परिजनों को आशंका हुई कि सांप ने उसे डस लिया है.
मामले की सूचना पुलिस विभाग में पदस्थ सिपाही हितेश राव को दी गई. उन्होंने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख और सर्प मित्र जितेंद्र सारथी से संपर्क किया. जितेंद्र सारथी ने फोन पर महिला को एहतियात के तौर पर जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी और कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंचकर सांप का रेस्क्यू किया.
कॉमन वुल्फ स्नेक की हुई पहचान
रेस्क्यू के दौरान सांप की पहचान कॉमन वुल्फ स्नेक के रूप में की गई. जितेंद्र सारथी के अनुसार, यह सांप देखने में करैत जैसा लगता है, इसलिए लोग अक्सर इसे जहरीला समझ लेते हैं. उनके मुताबिक कॉमन वुल्फ स्नेक विषहीन होता है और सामान्य तौर पर इंसानों के लिए हानिरहित माना जाता है.
रेस्क्यू के बाद जितेंद्र सारथी जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और महिला तथा ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक से मुलाकात की. चिकित्सकों ने महिला की स्थिति सामान्य बताई. सांप के जहरीला नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद महिला और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली.
लौटते समय दिखे नर-मादा सियार
रेस्क्यू अभियान पूरा करने के बाद लौटते समय जितेंद्र सारथी को सड़क किनारे एक नर और एक मादा सियार दिखाई दिए. दोनों कुछ देर बाद झाड़ियों की ओर चले गए.
जितेंद्र सारथी ने लोगों से सियारों को देखकर घबराने या उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की. उनके अनुसार, सियार पारिस्थितिकी तंत्र में मृत जीवों को खाकर सफाईकर्मी की भूमिका निभाते हैं.
