कोरबा जिले के एसईसीएल मानिकपुर खदान क्षेत्र में एससीसी कंपनी के कैंप में बुधवार को तीन ट्रांसफार्मरों में आग लग गई. आग की लपटें और काला धुआं उठने के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर पहुंचे नगर सेना और एसईसीएल के दमकल दलों ने आग को फैलने से रोकने के लिए कार्रवाई की.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आग लगने के दौरान कैंप में मौजूद कर्मचारी और अधिकारी सुरक्षित बाहर निकल गए. किसी कर्मचारी के आग की चपेट में आने या घायल होने की सूचना नहीं है. एससीसी और एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

आग लगने के बाद ट्रांसफार्मरों से जुड़ी बिजली आपूर्ति बंद हो गई. इन ट्रांसफार्मरों से क्रेशर को बिजली मिलती है, जिसका इस्तेमाल कोयला कटिंग और सप्लाई से जुड़े काम में होता है. बिजली बंद होने से कैंप का काम रुक गया और कोयला सप्लाई प्रभावित हुई.

आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है. प्रारंभिक स्तर पर ओवरलोड या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से कारणों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

घटना की सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस को भी दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आग के कारणों को लेकर कंपनी प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है.