छत्तीसगढ़ के कोरबा में चलती कार पर खतरनाक स्टंट कर रील बनाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है. मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में दुर्गा पंडाल की ओर जाने वाले मार्ग पर बनाए गए वीडियो में गरबा पोशाक पहनी एक महिला कार के बोनट पर लेटी दिखाई दे रही है. दो अन्य महिलाएं कार के दोनों ओर के दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आ रही हैं.
वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों ने इसे खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की. पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रही काले रंग की कार का पंजीयन नंबर सीजी 12 बीवी 6007 है. पंजीयन के आधार पर वाहन मालिक और स्वीट्स कारोबारी राजेंद्र बरनवाल की पहचान की गई.
पुलिस ने राजेंद्र बरनवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. वीडियो में बोनट पर लेटी दिखाई दे रही महिला को उनकी पत्नी विदिशा बरनवाल बताया गया है. पुलिस का कहना है कि वीडियो में नजर आ रही तीनों महिलाओं के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि चलती कार के बोनट और दरवाजों पर इस तरह स्टंट करने से महिलाओं के साथ सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी. पुलिस ने युवाओं से सड़क पर ऐसे खतरनाक करतब नहीं करने की अपील की है.
इससे पहले बिलासपुर में भी गरबा पोशाक में सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक हरकत और स्टंट से जुड़े मामले में पुलिस ने नौ लोगों पर कार्रवाई की थी.
