छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 70 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला पसान थाना क्षेत्र के छिंदवारपारा लाद का है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वृद्धा के घर से दो हजार रुपये लूटे थे.
मृतका की पहचान भगमतिया बाई के रूप में हुई है. उनके बेटे बबलू मरकाम ने 20 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, 19 नवंबर की शाम सात बजे से 20 नवंबर की सुबह छह बजे के बीच हत्या हुई. पुलिस को जांच के दौरान महिला का गला नायलॉन की रस्सी से घोंटे जाने की जानकारी मिली.
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मृतका के घर गाय चराने वाले इंद्रपाल अगरिया पर संदेह गया. पूछताछ के बाद पुलिस ने इंद्रपाल, उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया और उनके परिचित देव कुमार मरकाम को गिरफ्तार किया. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में इंद्रपाल ने वारदात में शामिल होने की बात बताई.
जांच एजेंसियों के अनुसार, तीनों पहले मृतका के घर गाय चराने का पैसा लेने गए थे. वहां पेटी में रखे रुपये देखने के बाद चोरी की योजना बनाने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि रात में इंद्रपाल और राजकुमारी घर के भीतर गए, जबकि देव कुमार बाहर निगरानी कर रहा था. महिला की हत्या के बाद पेटी और बैग से रुपये ले जाने की बात सामने आई है.
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. मामले की आगे की कार्रवाई जारी है.
