छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र स्थित ओमपुर में प्रार्थना सभा को लेकर विवाद हो गया. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सभा के माध्यम से हिंदू परिवारों को आर्थिक मदद और बेहतर स्वास्थ्य का प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई.

मामले में बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक प्रवीण राठौर ने आरोप लगाया कि पास्टर पीतांबर सिंह बाहर से ओमपुर आता है और हर रविवार गार्डिया के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित करता है. उनके अनुसार, सभा में आर्थिक सहायता का भरोसा देने के साथ बीमारी दूर होने संबंधी दावे किए जाते हैं. संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि हिंदू देवी-देवताओं को मानने वाले लोगों के बारे में नकारात्मक बातें कही जाती हैं.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विवाद वाली रात सभा में करीब 15 हिंदू परिवार मौजूद थे. बजरंग दल ने मकान में अवैध रूप से चर्च संचालित किए जाने का भी आरोप लगाया है. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी और मामला शांत कराया. बजरंग दल की शिकायत की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस की ओर से किसी प्राथमिकी या आरोपों की पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है.

बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है. संगठन ने कहा है कि कार्रवाई नहीं होने पर वह संवैधानिक तरीके से आंदोलन करेगा.