छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पनगांव में शनिवार देर रात पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक पर अपने चाचा की हत्या करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फरसी से हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया. मामला पसान थाना क्षेत्र का है.
मृतक की पहचान गुलाब सिंह के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात गुलाब सिंह का अपनी मां से किसी पारिवारिक विषय को लेकर विवाद हो रहा था. इसी दौरान उनका भतीजा दुर्गेश कुमार वहां पहुंचा. पुलिस के अनुसार, दादी और चाचा के बीच बहस बढ़ने पर दुर्गेश ने घर में रखी फरसी से गुलाब सिंह पर हमला कर दिया.
हमले में गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत होने की बात सामने आई है. चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने जगह को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया. टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है.
पुलिस का कहना है कि हत्या की परिस्थितियों और विवाद के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है. आरोपी दुर्गेश कुमार की तलाश में टीमों को संभावित ठिकानों पर भेजा गया है और छापेमारी की जा रही है.
