कोरबा जिले के पसान थाना परिसर से फरार हुए छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन में जंगल और आसपास के इलाकों में छिपा रहता था, जबकि रात में परिवार से मिलने के लिए अपने घर पहुंचता था.

आरोपी की पहचान खीरचंद, पिता रामचरण, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी पसान थाना क्षेत्र के रूप में बताई गई है. उसके खिलाफ छेड़छाड़ का पुराना मामला दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था. इस मामले में न्यायालय ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया था.

पुलिस ने 22 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया था. पूछताछ के दौरान उसने शौचालय जाने की बात कही. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे जाने दिया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा. तलाश करने पर उसके थाने से फरार होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने अभिरक्षा से भागने के मामले में अलग अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की.

पुलिस ने आसपास के जंगल, आरोपी के घर और आने-जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी की, लेकिन शुरुआती तौर पर उसका पता नहीं चला. पुलिस के मुताबिक, फरार होने के बाद वह एक दिन जंगल में छिपा रहा. इसके बाद वह गांव में सन्नाटा होने पर रात करीब 11 बजे घर के पिछले रास्ते से पहुंचता और सुबह करीब 3 बजे फिर जंगल की ओर निकल जाता था.

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 25 सितंबर की आधी रात पसान पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.