कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सरकारी काम में लापरवाही और लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के मामले में पटवारी मिथलेश वर्मा को निलंबित कर दिया है. वर्मा दर्री तहसील के भैरोताल, प.ह.नं. 40 में पदस्थ थे.
प्रशासन के अनुसार, पटवारी पर किसानों से जुड़े कई जरूरी काम अधूरे छोड़ने और जमीन संबंधी रिकॉर्ड अपडेट नहीं करने की शिकायत थी. उनकी अनुपस्थिति के कारण चक्रवात अर्नब से फसल को हुए नुकसान का आकलन और धान खरीदी से पहले किसानों की समस्याओं के समाधान जैसे काम भी प्रभावित हुए.
किन कामों में लापरवाही का आरोप
1 अक्टूबर 2026 को जारी कारण बताओ नोटिस में रोजाना की डायरी नहीं बनाने, किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन शुरू नहीं करने और ‘डिजिटल कॉप’ मोबाइल ऐप में बकेट क्लेम की जानकारी दर्ज नहीं करने का उल्लेख किया गया था. इसके अलावा नक्शा बंटाकन, जमीन के रिकॉर्ड में सुधार और खरीफ वर्ष 2025-26 की मैनुअल गिरदावरी से जुड़े काम भी लंबे समय से लंबित बताए गए.
पटवारी ने 5 अक्टूबर को नोटिस का जवाब दिया, लेकिन प्रशासन ने उसे संतोषजनक नहीं माना. इसके बाद वे 13 अक्टूबर से लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहे. कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत निलंबन आदेश जारी किया.
निलंबन अवधि में वर्मा का मुख्यालय तहसील अजगरबहार रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा.
