कोरबा में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 9 वारंटी और पुलिस के अनुसार बदमाश आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया और बाद में कोर्ट में पेश किया गया.

थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन आरोपी चेक बाउंस के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ रवि नवरंग (26), विक्रम सिंह (28), राकेश यादव उर्फ लालू (20), कवि यादव (32), रविंद्र निषाद (40), अनिल कुमार गुप्ता (45), धनराज शर्मा (40), विनीत कश्यप (28) और थॉमसन बेंजामिन (42) के रूप में हुई है. ये सभी कोरबा के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं.

पुलिस ने कहा है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वारंटियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले आरोपियों की धरपकड़ जारी रहेगी.

गरबा और दुर्गा पूजा आयोजकों को निर्देश

नवरात्रि के दौरान व्यवस्था को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन ने गरबा, डांडिया और दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक की. अधिकारियों ने आयोजकों से कार्यक्रमों के लिए अनुमति लेने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने को कहा.

प्रशासन के निर्देश के अनुसार, गरबा स्थलों और दुर्गा पंडालों में CCTV कैमरे लगाना जरूरी होगा. महिला सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी करनी होगी. पार्किंग के लिए अलग स्थान तय करने को कहा गया है, ताकि सड़कों पर जाम न लगे.

देर रात तेज आवाज में DJ पर कार्रवाई

प्रशासन ने कहा कि साउंड सिस्टम का इस्तेमाल निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जाए. ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों और न्यायालयों तथा NGT के निर्देशों का पालन अनिवार्य बताया गया है. देर रात तेज आवाज में DJ बजाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए तय मार्ग और समय का पालन करना होगा. प्रशासन के अनुसार विसर्जन के दौरान DJ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी.