छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है. पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन आघात के तहत पिछले 10 दिनों में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 407 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाया गया. इसके लिए विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने फरार वारंटियों और अन्य आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी. पुलिस ने 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए, जबकि लंबे समय से फरार 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, इनमें वर्ष 2014 से लंबित स्थायी वारंट से जुड़े मामले भी शामिल हैं.

पुलिस ने शरीर संबंधी और महिला संबंधी अपराधों समेत लंबित मामलों में फरार चल रहे 190 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की जानकारी दी है. इसके अलावा 72 लोगों, बदमाशों और संदिग्धों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई. पुलिस के अनुसार, गणेश उत्सव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले लोगों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई.

विसर्जन के दौरान खतरनाक स्टंट पर नजर

पुलिस ने बताया कि विसर्जन के दौरान कुछ युवक हाथ में पटाखे लेकर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दिए. ऐसे लोगों पर भी निगरानी रखी जा रही है. पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऑपरेशन आघात आगे भी जारी रहेगा.