कोरबा की रेल सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर सांसद ज्योत्सना महंत ने आंदोलन की चेतावनी दी है. कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यदि रेल समस्याओं के समाधान की दिशा में जल्द ठोस पहल नहीं हुई, तो यात्रियों के हित में पटरी पर बैठकर आंदोलन किया जाएगा.

सांसद के मुताबिक, कोरबा महत्वपूर्ण औद्योगिक और खनन क्षेत्र है, लेकिन क्षेत्र के यात्रियों को जरूरत के अनुसार रेल सुविधाएं नहीं मिल रही हैं. उन्होंने नई यात्री ट्रेनों के संचालन, रेल संपर्क के विस्तार और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग रखी. ट्रेनों की लेटलतीफी और रद्दीकरण से यात्रियों को होने वाली परेशानी का भी उन्होंने उल्लेख किया.

उन्होंने कहा कि तीजा-पोरा जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान ट्रेनों के रद्द होने से आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. रेल मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित होने की जानकारी देते हुए महंत ने कहा कि इस दौरान कोरबा की समस्याएं प्रमुखता से रखी जाएंगी. उन्होंने कहा कि मुलाकात के बाद भी समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा.

स्वास्थ्य और पुनर्वास के मुद्दे भी उठाए

सांसद ने कहा कि जिला खनिज संस्थान न्यास की राशि का लाभ खनन प्रभावित क्षेत्रों को मिलना चाहिए और इसे स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों में खर्च किया जाना चाहिए. उन्होंने कोरबा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं और प्रचार-प्रसार के जरिए पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई.

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में नया चिकित्सा महाविद्यालय खोलने, कोरबा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस और स्नातकोत्तर सीटें बढ़ाने तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल के रिक्त पद भरने की मांग की.

महंत ने कोयला खनन से प्रभावित परिवारों के लिए उचित मुआवजे और पुनर्वास, ठेका कंपनियों में स्थानीय बेरोजगारों व भू-विस्थापितों को रोजगार में प्राथमिकता, सुनालिया अंडरब्रिज, जर्जर सड़कों और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मुद्दे भी उठाए.