छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा पुलिस ने रेलवे लाइन निर्माण स्थल से चोरी हुआ जॉन डियर 5210 ट्रैक्टर बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर की कीमत करीब 14 लाख रुपये है. मामले में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के निवासी रमेश कुमार केंवट को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस आरोपी को अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा बता रही है और उसके अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, दीपका के उर्जानगर निवासी आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. ट्रैक्टर सासा इंटरप्राइजेस के नाम पर पंजीकृत था और तिवेंचा कंपनी की रेलवे लाइन निर्माण साइट पर काम में लगा था. इसका रजिस्ट्रेशन नंबर CG 12 BR 9376 बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर 4 नवंबर को खराब हो गया था. इसके बाद उसे निर्माणाधीन बिंझरा रेलवे स्टेशन के ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर दिया गया. ड्राइवर और कर्मचारी छुट्टी पर चले गए थे. 22 नवंबर को काम पर लौटने पर ट्रैक्टर वहां नहीं मिला.
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की. पुलिस का कहना है कि रेलवे साइडिंग में काम करने वाली शिवा कृति कंपनी में ट्रैक्टर चलाने वाले रमेश केंवट को कुछ दिन पहले जॉन डियर ट्रैक्टर जटगा की ओर ले जाते देखा गया था.
ग्राम बिंझरा से हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करने की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, उसने बिना चाबी के ट्रैक्टर को सीधे स्टार्ट किया और हल्की मरम्मत के बाद वहां से ले गया. इसके बाद ट्रैक्टर को पेंड्रा के पास ग्राम गिरारी बस्ती के भरी टिकरा में छिपा दिया गया था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ट्रैक्टर बरामद किया. उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
