कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच SECL कुसमुंडा खदान के विस्थापितों की बसाहट में पहाड़ी मिट्टी खिसकने से हादसा हो गया. कनकी रोड स्थित जोड़ा पुल के पास पहाड़ का मलबा एक निर्माणाधीन मकान पर जा गिरा. निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी भर गया है.
हादसे में पास की एक झोपड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई. बताया गया है कि झोपड़ी में परिवार सो रहा था, लेकिन सभी लोग सुरक्षित बच गए. घटना के बाद बसाहट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
विस्थापित परिवारों ने सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया
प्रभावित लोगों का आरोप है कि जमीन अधिग्रहण के बाद उन्हें बसाहट तो दी गई, लेकिन बिजली, पानी और रहने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई. कुछ लोग विद्युत खंभे से अस्थायी कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं. विस्थापितों ने इसे दुर्घटना का खतरा बताते हुए सुरक्षित व्यवस्था की मांग की है.
पाली, पडनिया, जटराज और सोनपुरी गांवों के परिवारों को SECL कुसमुंडा खदान के लिए विस्थापित किया गया था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अलग-अलग बसाहटों में परिवारों को रखा गया है. कनकी रोड के जोड़ा पुल के पास करीब 90 परिवार रहते हैं, जबकि अन्य बसाहटों में भी बड़ी संख्या में परिवार हैं.
हादसे के बाद प्रभावित लोगों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने और SECL प्रबंधन से सुरक्षित स्थान तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करने की बात कही है.
