छत्तीसगढ़ के कोरबा में विजयादशमी की रात रावण दहन के बाद हुए विवाद में एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना मुड़ापार बाजार के पास रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में एक पुराने पेड़ के नजदीक हुई. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.

पुलिस के अनुसार, वारदात रात करीब 10:45 बजे हुई. युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. विवाद बढ़ने पर राहुल उर्फ गोल्डन पर चाकू से कई वार किए गए. वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा और हमलावर वहां से भाग निकले.

सूचना मिलने के बाद मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को जिला अस्पताल ले जाया गया. गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी फैलने के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई.

रातभर तलाशी अभियान, तीन गिरफ्तार

पुलिस ने घटना के बाद रातभर तलाशी अभियान चलाया. इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को पकड़ा गया. पुलिस की टीमें चौथे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

घटनास्थल का निरीक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर समेत पुलिस अधिकारियों ने किया. पुलिस विवाद की वजह, हत्या में शामिल लोगों की भूमिका और घटना के पूरे क्रम की जांच कर रही है.