कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम सिमगेंदा में घरेलू विवाद के बाद एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान रामदुलार कोरवा के रूप में हुई है. उसका शव सुबह घर के सामने मिला.

मृतक की पत्नी बुधवारी कोरवा ने पुलिस को बताया कि रात में परिवार में विवाद हुआ था. उसके आरोप के अनुसार, अघन कोरवा और नंदू कोरवा ने रामदुलार पर हमला किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

दरवाजा लगाने को लेकर हुआ विवाद

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया है कि घटना के दिन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर में निर्माण कार्य चल रहा था. दरवाजा लगाने की बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी.

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अघन सिंह कोरवा ने कथित तौर पर तीर-धनुष से रामदुलार पर हमला किया. इसके बाद नंदू कोरवा ने पास रखे सब्बल से उसके सिर पर वार किए. पुलिस ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण रामदुलार की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने अघन कोरवा (22) और नंदू कोरवा (65) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. दोनों आरोपी ग्राम सिमकेंदा सिरकी डुगरू के निवासी बताए गए हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी.