कोरबा जिले के पर्यटन स्थल सतरेगा स्थित एक रिसॉर्ट में गुरुवार सुबह करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई. सांप रिसॉर्ट के बिजली मीटर बोर्ड और सर्किट बोर्ड के पीछे बनी बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था. मौके पर पर्यटक, कर्मचारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.

यह घटना छत्तीसगढ़ महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडे के स्वागत कार्यक्रम के दौरान सामने आई. उनके स्वागत के लिए भाजपा मंडल अध्यक्ष हरी शंकर यादव समेत कई लोग रिसॉर्ट में पहुंचे थे. सांप दिखने के बाद लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने सुरक्षित दूरी से उसका वीडियो बनाया.

बिजली सप्लाई बंद कराने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू

रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तिखार खान ने वन विभाग और नोवा नेचर संस्था के जितेंद्र सारथी को सूचना दी. मामले की जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी अरविंद पीएम को भी दी गई. उनके निर्देश पर, उपवनमंडलाधिकारी रामसिंह राठिया के मार्गदर्शन और बालको रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची.

रेस्क्यू शुरू करने से पहले बिजली विभाग को सूचना देकर रिसॉर्ट की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई. टीम के मुताबिक, सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद कम जगह होने के कारण सांप को निकालना चुनौतीपूर्ण था. करीब एक घंटे की सावधानीपूर्वक कार्रवाई के बाद किंग कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

रेस्क्यू के बाद आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और सांप को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया. भाजपा मंडल अध्यक्ष हरी शंकर यादव के अनुसार, लेमरू, बालको, पसरखेत, करतला और कुदमुरा क्षेत्रों में भी छोटे किंग कोबरा देखे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अब स्थानीय स्तर पर सांपों को मारने के बजाय वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना देने के प्रति जागरूकता बढ़ रही है.