कोरबा जिले में SECL की मानिकपुर परियोजना से प्रभावित भिलाई खुर्द और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने 25 सितंबर को प्रस्तावित पर्यावरण जनसुनवाई से पहले अपनी लंबित मांगों का समाधान करने की मांग की है. ग्रामीणों ने इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है.
ग्रामीणों के अनुसार, वे क्षेत्र के विकास और परियोजना के विरोध में नहीं हैं, लेकिन उनकी जमीन, आजीविका और सामाजिक जीवन पर पड़े प्रभावों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. उनका कहना है कि उचित मुआवजा, रोजगार, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगें लंबे समय से प्रशासन और SECL प्रबंधन के सामने रखी जा रही हैं.
1963-64 में अधिग्रहित जमीन का मुद्दा
ज्ञापन में कहा गया है कि 1963-64 में जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, उनमें कुछ परिवारों को अब तक विस्थापन के बदले SECL में रोजगार नहीं मिला है. ग्रामीणों ने ऐसे परिवारों को जमीन के बदले रोजगार देने और जिन किसानों को मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें तत्काल भुगतान करने की मांग की है.
उन्होंने भूमि और संपत्तियों के लिए उचित एवं पारदर्शी मुआवजा, प्रभावित परिवारों के योग्य युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और सम्मानजनक पुनर्वास की मांग भी रखी है. प्रभावित गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग ज्ञापन में शामिल है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनसुनवाई से पहले प्रभावित परिवारों के साथ बैठक कर प्रत्येक मांग पर चर्चा करने और समाधान की समयसीमा तय करने को कहा है. उनका कहना है कि पुरानी शिकायतों का निपटारा किए बिना जनसुनवाई कराने से असंतोष बढ़ सकता है.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगों की अनदेखी होने पर वे आंदोलन करेंगे और जनसुनवाई का विरोध कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि विकास के साथ प्रभावित परिवारों के अधिकारों और भविष्य की आजीविका का समाधान भी जरूरी है.
