छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में एक महिला ने आसिफ खान नामक युवक पर शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की जानकारी दी गई है.
पुलिस के अनुसार, महिला पहले से शादीशुदा थी और आरोपी को अपनी शादी से पहले से जानती थी. महिला का कहना है कि शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क और संबंध बने रहे. उसके आरोप के मुताबिक, आरोपी ने उसे शादी करने का भरोसा दिया, जिसके बाद वह अपने पति से अलग हो गई और उसकी शादी टूट गई.
दो बार गर्भपात कराने का आरोप
महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि पति से अलग होने के बाद आरोपी शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा. इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई. महिला के मुताबिक, आरोपी ने दबाव बनाकर दोनों बार उसका गर्भपात कराया.
शिकायत में महिला ने यह भी कहा कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी किसी दूसरी युवती से शादी की तैयारी कर रहा है और उसकी सगाई हो चुकी है. महिला के अनुसार, जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे धमकी दी गई. इसके बाद उसने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई.
कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों व साक्ष्यों की जांच जारी है. महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि का अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा.
