छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हरदीबाजार थाना क्षेत्र की पुलिस ने जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर तीन लोगों को पकड़ा है. कार्रवाई ग्राम उतरदा स्थित शक्ति खर्रा जंगल में की गई, जहां तिरपाल लगाकर जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिली थी.

पुलिस के अनुसार, टीम ने जुआ फड़ के आसपास घेराबंदी की थी. पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही कई जुआरी जंगल की ओर भाग निकले. पीछा करने के बाद तीन लोगों को पकड़ा गया. मौके से तीन बाइक, दो मोबाइल फोन, 5,400 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं.

पकड़े गए लोगों की पहचान बुडगहन निवासी राजेश लहरें, निरतु निवासी पवन कुमार पटेल और दीपका निवासी नंदकुमार पटेल के रूप में बताई गई है. हरदीबाजार थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह के मुताबिक, तीनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. उन्हें बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने का आदेश हुआ.

पुलिस ने हरि साहू और सत्य प्रकाश पटेल की तलाश शुरू की है. पुलिस के मुताबिक, ग्राम नेवसा निवासी हरि साहू पर जुआ फड़ संचालित करने और सत्य प्रकाश पटेल पर जुआरियों से नाल वसूलने का आरोप है. बताया गया है कि जुआ खेलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से करीब 500 रुपये एंट्री फीस ली जाती थी. दबिश के दौरान दोनों मौके पर नहीं मिले.