छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में मोबाइल को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई. घटना 31 अक्टूबर की रात अयोध्या पुरी इलाके की बताई जा रही है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस और परिजनों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा सानिया बानो कक्षा 9 में पढ़ती थी. रात में उसका मोबाइल को लेकर भाई से विवाद हुआ था. कहासुनी बढ़ने पर मां ने फोन अपने पास रख लिया और दोनों को मोबाइल को लेकर झगड़ने पर नाराजगी जताई. इसके बाद सानिया घर के शौचालय में चली गई.
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया. कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया. परिजनों ने उसे अंदर गंभीर हालत में पाया और बाहर निकालकर अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी के मुताबिक, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
परिवार के लोगों ने बताया कि सानिया पढ़ाई में ठीक थी और शांत स्वभाव की थी. घटना के बाद परिवार में मातम है. पुलिस ने मौत के कारणों और घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है.
