छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार वाहनों से जुड़े दो अलग-अलग सड़क हादसों में करीब 10 लोगों के घायल होने की सूचना है. दोनों घटनाओं में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

मड़वारानी पुल के पास कार ने कई लोगों को मारी टक्कर

पहली घटना उरगा थाना क्षेत्र में मड़वारानी पुल के पास हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार क्रमांक CG 11 BR 2946 तेज रफ्तार में जा रही थी. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर कई लोगों से टकरा गया. हादसे में करीब 7 से 8 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है. घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. रिपोर्ट के अनुसार, कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल कार जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

डेंगूनाला में दो बाइक आमने-सामने भिड़ीं

दूसरी दुर्घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के डेंगूनाला के पास हुई. यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों बाइक सवार घायल हो गए. इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया.

पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है.