कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के आमाटिकरा गांव में एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत से शोक का माहौल है. परिवार की डेढ़ माह की बच्ची रानी की बीमारी के दौरान मौत हो गई. इसके बाद उसकी 10 वर्षीय बड़ी बहन रूपकुंवर भी घर में मृत मिली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

परिजनों के अनुसार, रानी पिछले कुछ दिनों से सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित थी. पहले उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया. हालत में सुधार नहीं होने पर उसे पोंड़ी उपरोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुवार रात उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर किया गया.

परिवार पूरी रात बच्ची के इलाज की कोशिश करता रहा, लेकिन शुक्रवार सुबह रानी की मौत हो गई. माता-पिता मुक्तांजलि वाहन से उसका शव लेकर आमाटिकरा स्थित घर लौटे. इसी दौरान रूपकुंवर कमरे में साड़ी से बने झूले के सहारे मृत मिली. उसके पास मंझली बेटी रागिनी मौजूद थी.

परिजनों ने वाहन चालक सुरेश कुमार की मदद से रूपकुंवर को नीचे उतारा और पोंड़ी उपरोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बड़ी बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

पुलिस कर रही मौत की परिस्थितियों की जांच

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि बच्ची की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है. पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया है.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रूपकुंवर अपनी छोटी बहन से बहुत लगाव रखती थी और उसकी बीमारी को लेकर चिंतित रहती थी. परिवार के अनुसार, पिता ने फोन पर रानी की मौत की सूचना दी थी. पुलिस को आशंका है कि इस खबर से बच्ची मानसिक रूप से बेहद आहत हुई होगी, लेकिन इस कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

परिवार में मजदूरी करने वाले सुखीराम, उनकी पत्नी और तीन बेटियां रहती थीं. इस घटना के बाद परिवार में करीब साढ़े तीन साल की बेटी रागिनी रह गई है. गांव में भी मातम पसरा है.