कोरबा जिले में अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई. पहली घटना श्यांग थाना क्षेत्र के गिरारी गांव की है, जहां 25 वर्षीय सुखसागर घर में बिजली ठीक करते समय करंट की चपेट में आ गया.

परिजनों के अनुसार, शाम के समय घर में अंधेरा होने पर सुखसागर बिजली बनाने का काम कर रहा था. इसी दौरान उसे करंट लगा. परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सुखसागर खेती-किसानी करता था और उसकी शादी करीब आठ महीने पहले हुई थी. पुलिस के अनुसार, वह अपनी मां का इकलौता सहारा था. जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेमो के आधार पर बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है.

दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के पहाड़ गांव की है. बरमपुर निवासी 32 वर्षीय रामकुमार पटेल ट्रैक्टर चालक था और ट्रैक्टर लेकर पहाड़ गांव गया था. घर नहीं लौटने पर उसके बड़े भाई को जानकारी मिली कि वह जिला अस्पताल में भर्ती है. इलाज के दौरान रामकुमार की मौत हो गई.

प्रारंभिक बयान के मुताबिक, रामकुमार नहर किनारे गुड़ाखू करने के लिए उतरा था और वहां गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ. हालांकि उसकी मौत की सही वजह और घटना की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं. जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की है.