छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित डिंगापुर के उमंग दिव्यांग छात्रावास के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने दिव्यांग बच्चे एक स्कूटी साफ करते दिखाई दे रहे हैं. यह छात्रावास समाज कल्याण विभाग, कोरबा के अधीन संचालित होता है.

सामने आए एक वीडियो में एक बच्चा स्कूटी धोता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में दो बच्चे वाहन की सफाई करते दिखते हैं. आरोप है कि बच्चों से हॉस्टल अधीक्षिका के निजी दोपहिया वाहन की धुलाई और सफाई नियमित रूप से कराई जाती थी. हालांकि, इस दावे की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी.

विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण

मामला सामने आने के बाद समाज कल्याण विभाग ने हॉस्टल अधीक्षिका मीना सोनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. विभाग के उपसंचालक हरीश सक्सेना के अनुसार, अधीक्षिका को कार्यालय बुलाकर पूछताछ भी की गई.

अधीक्षिका ने अपने जवाब में आरोप लगाया कि हॉस्टल के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से बच्चों से गाड़ी धुलवाई और इसका वीडियो बनाया. विभाग फिलहाल इस दावे और बच्चों से निजी वाहन की सफाई कराए जाने के आरोप, दोनों की जांच कर रहा है.

करीब 50 छात्र रहते हैं

उमंग छात्रावास में करीब 50 दिव्यांग छात्र पढ़ाई और आवासीय देखभाल के लिए रहते हैं. वीडियो सामने आने के बाद बच्चों के साथ व्यवहार, संस्था की निगरानी व्यवस्था और कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठे हैं.

विभाग के मुताबिक, जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, क्या बच्चों से नियमित रूप से ऐसा काम कराया जाता था और इसमें अन्य कर्मचारियों की भूमिका थी या नहीं.