छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा में भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पर एक व्यक्ति से कार्ड बदलकर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने पहले ग्राहक का गोपनीय PIN देख लिया और फिर बातचीत में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया. इसके बाद खाते से चार बार में कुल 40 हजार रुपये निकाले गए.

ग्राम अखरापाली निवासी देव करन बघेल (56) ने पुलिस को बताया कि वह 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे उरगा स्थित SBI एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पीछे आकर खड़ा हो गया. आरोप है कि उसने बघेल का गोपनीय नंबर देख लिया.

बताया गया कि सफेद हाफ शर्ट और नीली जींस पहने व्यक्ति ने कार्ड गलत तरीके से डालने की बात कहकर उन्हें बातचीत में उलझाया. इसी दौरान उसने बघेल का कार्ड बदल दिया और दूसरा कार्ड थमा दिया. बघेल ने उस कार्ड से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन लेनदेन पूरा नहीं हुआ. इसके बाद वह घर लौट गए.

कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर 10-10 हजार रुपये निकाले जाने के चार संदेश आए. तब उन्हें खाते से कुल 40 हजार रुपये निकलने की जानकारी हुई और कार्ड बदले जाने का पता चला.

शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान और तलाश कर रही है.