कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहन्दा में चोरों ने नगर सेना कर्मी के सूने मकान को निशाना बनाया. शनिवार देर रात हुई वारदात में चोर नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात ले गए. जेवरात की कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, हालांकि चोरी गए सामान और कुल नकदी का वास्तविक आकलन पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा.

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पहन्दा निवासी आरक्षक दिलीप रात्रे अपने परिवार के साथ डोंगरगढ़ गए हुए थे. इसी दौरान उनका मकान बंद था. चोरों ने आधी रात के बाद घर में प्रवेश कर सामान खंगाला और नकदी व जेवरात लेकर भागने लगे.

वारदात की भनक आसपास के ग्रामीणों को लग गई. ग्रामीणों के शोर मचाने पर चोर मौके से भाग निकले, लेकिन अपनी स्कूटी वहीं छोड़ गए. सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्कूटी को जब्त कर लिया. पुलिस वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

पुलिस ने जुटाए सुराग

घटना की जांच के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया. टीम ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण कर संभावित साक्ष्य जुटाए. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरों की संख्या कितनी थी, वे घर में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में गए.

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल के अनुसार, मौके से मिली स्कूटी समेत अन्य सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है.