छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर हमला किया था. महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच शांति बस्ती के वार्ड नंबर-9 में हुई. आरोपी की पहचान रमेश डोंगरे (40) और मृतका की पहचान बंधन कुंवर (39) के रूप में बताई गई है.
घर बनाने को लेकर विवाद की बात
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रमेश नया घर बनाकर वहां रहने की बात कह रहा था, जबकि बंधन कुंवर इसका विरोध कर रही थीं. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ. पुलिस का कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद रमेश ने डंबल से हमला किया.
पुलिस के अनुसार, दोनों की यह दूसरी शादी थी और शादी के बाद रमेश अपनी पत्नी के घर में रह रहा था. दोनों घर में अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर पाली पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
पाली थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी पर हमला करने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.
